बलरामपुर

राजपुर छात्रावास में पुलिस की जागरूकता मुहिम
07-Feb-2026 8:52 PM
राजपुर छात्रावास में पुलिस की जागरूकता मुहिम

 विद्यार्थियों को नशा व यातायात नियमों की दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,7 फरवरी। शनिवार को राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने नगर स्थित प्री एवं पोस्ट मैट्रिक अजजा बालक छात्रावास का निरीक्षण कर छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।

थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने महुआपारा स्थित प्री मैट्रिक अजजा बालक छात्रावास पहुंचकर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा समाज और जीवन के लिए घातक है तथा यह व्यक्ति को विनाश की ओर ले जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा करते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है, इसलिए इससे दूरी बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ही ड्राइविंग लाइसेंस बनवाकर वाहन चलाएं, अन्यथा भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।

थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि कोई छात्र नशे की गतिविधियों में संलिप्त पाया जाए, तो इसकी सूचना तत्काल छात्रावास अधीक्षक को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

छात्रावास के पास नशेडिय़ों का अड्डा बनने की आशंका

उल्लेखनीय है कि महुआपारा क्षेत्र में सोनी समाज, ब्राह्मण समाज एवं क्षत्रिय समाज द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित एक भवन को लेकर नशेडिय़ों के अड्डे के रूप में उपयोग किए जाने की आशंका जताई गई है। भवन के आसपास खाली प्लास्टिक सिरिंज मिलने से इंजेक्शन के माध्यम से नशा किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

इस संबंध में सोनी समाज के अध्यक्ष सुरेश सोनी द्वारा थाना प्रभारी से शिकायत की गई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए एहतियातन थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह छात्रावास पहुंचे और विद्यार्थियों को जागरूक किया।


अन्य पोस्ट