बलरामपुर

गांजा तस्करी, एक आरोपी गिरफ्तार
05-Feb-2026 11:23 PM
गांजा तस्करी, एक आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 5 फरवरी। अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी े में पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 1.10 किलोग्राम गांजा सहित मोटरसाइकिल, नकदी और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल से गांजा लेकर बरियों, राजपुर एवं शंकरगढ़ क्षेत्र में बिक्री के उद्देश्य से आने वाला है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चौकी बरियों, थाना राजपुर, शंकरगढ़ पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर घेराबंदी की योजना बनाई गई।

इसी दौरान ग्राम बधिमा में सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में बैग के भीतर गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। मौके पर सादी वर्दी में तैनात पुलिस बल ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा और पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उमेश यादव बताते हुए गलत पता दिया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना सही नाम उमेश गुप्ता ग्राम कोटया जिला सूरजपुर होना स्वीकार किया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक चेकदार चैन वाला थैला बरामद हुआ, जिसमें भूरे रंग के प्लास्टिक पैकेट में पैक 1.10 किलोग्राम गांजा मिला। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्लेटी रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, आरोपी के पास से 22 हजार रुपये नगद, ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तौल तराजू भी जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


अन्य पोस्ट