बलरामपुर

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
05-Feb-2026 11:22 PM
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

26 कर्मियों में रोज़ाना मात्र 4-5 की उपस्थिति, आमजन हो रहे परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 5 फरवरी। रामानुजगंज में वर्ष 1976 से संचालित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। कार्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी सहित कुल 26 कर्मचारी पदस्थ हैं, लेकिन हकीकत यह है कि रोज़ाना महज़ चार से पांच कर्मचारी ही कार्यालय में उपस्थित रहते हैं। अधिकांश कर्मचारी नियमित रूप से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे विभागीय कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

कार्यालय की लगभग सभी शाखाओं में कुर्सियाँ खाली पड़ी रहती हैं। दूर-दराज़ से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले शिक्षक, पालक और आम नागरिक घंटों इंतज़ार करने के बाद भी संबंधित कर्मचारी के न मिलने से निराश होकर लौटने को मजबूर हैं। इससे न केवल आमजन को परेशानी हो रही है, बल्कि शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिन्ह लगने लगा है।

इस गंभीर स्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की जा चुकी है।

मौखिक एवं लिखित शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। बताया जाता है कि पूर्व में कर्मचारियों की मनमानी और अनुपस्थिति को लेकर आंदोलन भी किए गए थे, इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग में इस तरह की लापरवाही छात्रों और शिक्षकों दोनों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। समय पर फाइलों का निपटारा न होना, नियुक्ति, वेतन, स्थानांतरण और शैक्षणिक योजनाओं से जुड़े कार्यों का लंबित रहना अब आम बात हो गई है।

 लोगों का कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वालों पर सख़्त कदम उठाए जाएँ, ताकि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अपनी जिम्मेदारी का समुचित निर्वहन कर सके।


अन्य पोस्ट