सरगुजा
फॉर्म-7 के दुरुपयोग को बताया लोकतंत्र पर हमला, निष्पक्ष जांच की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर/लखनपुर,4 फरवरी। सरगुजा जिले के उदयपुर-लखनपुर क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम कटवाने की कथित साजि़श का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत मांजा अंतर्गत राजाकटेल पंचायत के 120 एवं नरकलो पंचायत के 18 मतदाताओं, कुल 138 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने के उद्देश्य से फॉर्म-7 जमा किए जाने का आरोप लगाया गया है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह पूरा मामला फॉर्म-7 के संगठित, चयनात्मक और दुर्भावनापूर्ण दुरुपयोग को दर्शाता है। जानकारी के अनुसार ये सभी फॉर्म केवल 7 व्यक्तियों द्वारा, वह भी एक विशेष समुदाय के मतदाताओं को लक्षित करते हुए भरे गए हैं। हालांकि अब तक किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं कटा है, लेकिन इसे लोकतांत्रिक मताधिकार को प्रभावित करने की साजि़श और चुनावी प्रक्रिया में अवैध हस्तक्षेप का प्रयास बताया जा रहा है।
इस गंभीर मामले को लेकर सोमवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी, उदयपुर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विक्रमजीत सिंह देव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कृपा शंकर गुप्ता, पूर्व एल्डरमैन शराफत अली, मंडल अध्यक्ष रमेश जायसवाल, जगरोपण यादव, जमील खान, इरशाद खान, मकसूद हुसैन, पार्षद बघोलन राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लखनपुर के अध्यक्ष अमित सिंह देव ने कहा कि फॉर्म-7 का इस प्रकार सामूहिक और चयनात्मक उपयोग लोकतंत्र की आत्मा के विरुद्ध है। यदि समय रहते इसकी निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो भविष्य में वैध मतदाताओं के नाम गलत ढंग से काटे जा सकते हैं।
यह सीधे-सीधे संविधान प्रदत्त मताधिकार पर हमला है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि फॉर्म-7 के दुरुपयोग की निष्पक्ष व विस्तृत जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध धारा 420, 468, 471, 120-बी एवं 171-एफ के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना नोटिस, सुनवाई और सत्यापन किसी भी मतदाता का नाम सूची से न काटा जाए।
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और आवश्यकता पडऩे पर इस मामले को चुनाव आयोग एवं उच्च अधिकारियों तक ले जाया जाएगा।


