सरगुजा

तीर्थयात्रियों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, एक महिला की मौत, आधा दर्जन से अधिक जख्मी
03-Feb-2026 11:03 PM
तीर्थयात्रियों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, एक महिला की मौत, आधा दर्जन से अधिक जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,3 फरवरी। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। तीर्थयात्रियों को लेकर बनारस जा रही एक रक्षा बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना रात करीब 2 बजे गंगापुर के पास की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार रक्षा बस क्रमांक सीजी10 बीएम 8229 तमनार (रायगढ़) से लगभग 40 तीर्थयात्रियों को लेकर वाराणसी और अयोध्या निकली थी। अंबिकापुर से आगे बढ़ते ही गंगापुर के समीप पीछे से आ रही ट्रक क्रमांक सीजी15 बीजेड 7188 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सडक़ किनारे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में बस में सवार कोइतमा बाई की इलाज के दौरान अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल आधा दर्जन से अधिक तीर्थयात्रियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दस से अधिक यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही लटोरी, जयनगर और बिश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर लटोरी अस्पताल भेजा। गंभीर घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

बताया गया कि बस को टक्कर मारने के बाद ट्रक करीब 20 मीटर आगे जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस चालक सुरजीत केवट की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

गंभीर रूप से घायल यात्रियों के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट