सरगुजा

कांग्रेस मुद्दाविहीन, सरकार जीरो टॉलरेंस पर अडिग-साय
02-Feb-2026 8:29 PM
कांग्रेस मुद्दाविहीन, सरकार जीरो टॉलरेंस पर अडिग-साय

अंबिकापुर भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में सीएम हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,2 फरवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गरियाबंद जिले में हुई घटना और कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर कड़ा जवाब दिया है। अंबिकापुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हार-हार कर पूरी तरह मुद्दाविहीन हो गई है और अब बेबुनियाद आरोप लगाना उसकी आदत बन चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में चाहे अपराध का मामला हो या भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी का, सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हाईटेक भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने अंबिकापुर पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस भाजपा नेताओं को चिढ़ाया करती थी, जब पार्टी के केवल दो सांसद थे, लेकिन आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए भारत का निर्माण कर रहे हैं, ऐसा भारत जो किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन अगर कोई छेड़े तो छोड़ता भी नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी गारंटी के तहत किए गए अधिकांश वादों को सरकार ने पूरा किया है। छत्तीसगढ़ में नई उद्योग नीति का लाभ जनता तक पहुंचेगा। उन्होंने केंद्रीय बजट को बेहतरीन बताते हुए कहा कि इसमें स्वास्थ्य सहित भविष्य के भारत पर विशेष फोकस किया गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी है और 31 मार्च तक इसे समाप्त कर दिया जाएगा। बस्तर और सरगुजा में विकास की नई गंगा बहाने का भरोसा भी उन्होंने जताया।


अन्य पोस्ट