सरगुजा

3 साल से अलग रह रहे पति-पत्नी फिर हुए एक
03-Feb-2026 10:59 PM
3 साल से अलग रह रहे पति-पत्नी फिर हुए एक

महिला थाना की काउंसलिंग से बचा टूटता रिश्ता

अंबिकापुर, 3 फरवरी। तीन वर्षों से अलग-अलग रह रहे पति-पत्नी के रिश्ते में महिला थाना अंबिकापुर स्थित पुलिस परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलिंग ने नई जान फूंक दी। लगातार प्रयास और संवाद के माध्यम से गिले-शिकवे दूर कराए गए, जिसके बाद दोनों आपसी सहमति से पुन: साथ रहने को राजी हो गए।

महिला थाना प्रभारी की प्रभावी काउंसलिंग के चलते लगभग टूट चुके वैवाहिक रिश्ते को बचा लिया गया। छोटे-मोटे पारिवारिक विवादों को बातचीत के ज़रिये सुलझाते हुए पति-पत्नी को फिर से एक किया गया।

आवेदिका रेनु गुप्ता, निवासी सीतापुर जिला सरगुजा का विवाह 25 नवंबर 2022 को राहुल गुप्ता, निवासी ग्राम झलमला, जिला बालोद के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। राहुल गुप्ता वर्तमान में तहसीलदार के पद पर जगदलपुर में पदस्थ हैं। विवाह के बाद रेनु गुप्ता लगभग 50 दिनों तक ससुराल में रहीं, लेकिन इसके बाद पति-पत्नी के बीच आपसी संबंध बिगड़ गए।

14 जनवरी 2023 से रेनु गुप्ता अपने मायके सीतापुर में रहने लगीं। पति राहुल गुप्ता द्वारा पत्नी को साथ रखने से इंकार किए जाने पर रेनु गुप्ता ने कुटुंब न्यायालय अंबिकापुर में दांपत्य पुनस्र्थापन हेतु प्रकरण दर्ज कराया, जो बाद में खारिज हो गया।

अंतत: 01 अक्टूबर 2025 को रेनु गुप्ता ने अपने पति एवं अन्य रिश्तेदारों के विरुद्ध महिला थाना अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रकरण को पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग हेतु लिया गया।

काउंसलिंग से बदली तस्वीर

महिला थाना अंबिकापुर में दोनों पक्षों एवं परिजनों की उपस्थिति में कई चरणों में काउंसलिंग की गई। प्रथम काउंसलिंग में राहुल गुप्ता ने पत्नी को साथ रखने से साफ इंकार कर दिया था, जिससे रिश्ता लगभग समाप्ति की कगार पर था।

हालांकि, महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज एवं काउंसलिंग टीम के निरंतर प्रयासों से 31 जनवरी 2026 को पुन: काउंसलिंग कराई गई, जिसमें अनावेदक पक्ष को समझाइश दी गई। इसके बाद राहुल गुप्ता अपनी पत्नी को साथ रखने हेतु सहमत हो गए।

दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता कराया गया और 31 जनवरी को ही रेनु गुप्ता एवं राहुल गुप्ता को परिजनों की मौजूदगी में साथ रहने हेतु जगदलपुर रवाना किया गया।-


अन्य पोस्ट