सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 फरवरी। थाना गांधीनगर पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए गुम महिला को चंद घंटों के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मानप्रताप सिंह, निवासी चांदनी बिहारपुर, सूरजपुर हाल मुकाम सुभाषनगर गांधीनगर ने 2 फरवरी को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सास सुकवरिया सिंह एक फरवरी को दोपहर लगभग 3 से 4 बजे के बीच बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। आसपास व गांव में काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तब थाना गांधीनगर में गुम इंसान क्रमांक 13/26 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर पुलिस टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की और उसी दिन गुम महिला को बरामद कर लिया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह घर का रास्ता भूल जाने के कारण होटल शैलगिरी, शुभ होंडा के पास चली गई थी। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इस दौरान उनके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
गुमशुदा महिला को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की सराहना की।


