सरगुजा
लखनपुर/सरगुजा, 4 फरवरी। नाबालिग बालिका से रेप के गंभीर मामले में लखनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर पीडि़ता को बहला-फुसलाकर ले जाने और जबरन रेप करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी को पीडि़ता के परिजन ने थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से चली गई है। परिजनों द्वारा आसपास एवं रिश्तेदारों में तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई। इस पर थाना लखनपुर में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा सतत प्रयास कर नाबालिग बालिका को दस्तयाब किया गया। पूछताछ में पीडि़ता ने बताया कि आरोपी वीरेंद्र यादव ने उसे शादी का झांसा देकर भगाया और उसके साथ जबरन रेप किया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम वीरेंद्र यादव निवासी मांजा, लखनपुर बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण में धारा 64(2) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 5(ठ), 6 जोड़ी गई तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


