सरगुजा

डीजल चोरी के संगठित नेटवर्क का खुलासा, आदतन अपराधी गिरफ्तार
04-Feb-2026 11:17 PM
डीजल चोरी के संगठित नेटवर्क का खुलासा, आदतन अपराधी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/लखनपुर, 4 फरवरी। डीजल चोरी के एक संगठित नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वर्ष 2022 में सूरजपुर जेल में निरुद्ध रहने के दौरान उसकी पहचान डीजल चोरी के आरोपियों हीरा लोनी, रोहित लोनी, धुव्र लोनी एवं बसंत लोनी से हुई थी। जेल से रिहा होने के बाद आरोपियों के संपर्क में आकर उसने चोरी के डीजल की खरीद-फरोख्त का अवैध कारोबार शुरू किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा चोरी का डीजल 65 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदकर अन्य वाहन चालकों को 80 से 90 रुपये प्रति लीटर में बेचने की बात स्वीकार की गई है। आरोपी द्वारा घटना में सक्रिय रूप से शामिल होकर अपराध कारित किया जाना स्वीकार किए जाने तथा प्रकरण में पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ कबीरधाम, जयनगर, जैतहरी, बिजुरी, लखनपुर, मणिपुर, कोतवाली एवं गांधीनगर थाना क्षेत्रों में अपराध पंजीबद्ध हैं, जिससे उसके आदतन अपराधी होने की पुष्टि होती है।


अन्य पोस्ट