सूरजपुर

सिंचाई योजनाओं के 36 कार्यों के लिए 146.43 करोड़ मंजूर
11-Sep-2026 9:10 PM
सिंचाई योजनाओं के 36 कार्यों के लिए 146.43 करोड़ मंजूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 11 सितंबर। जल संसाधन विभाग ने विभिन्न सिंचाई योजनाओं के 36 कार्यों के लिए 146 करोड़ 43 लाख 95 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। इसमें सूरजपुर जिले की विभिन्न जलाशय योजनाओं के नवीनीकरण एवं निर्माण कार्यों के लिए 29 करोड़ 15 लाख 34 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

स्वीकृत राशि से कल्याणपुर जलाशय योजना के नवीनीकरण पर 3.89 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे 86 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। बद्रिकाश्रम जलाशय के लिए 4.43 करोड़ रुपये से 29 हेक्टेयर, पसला जलाशय के लिए 4.06 करोड़ रुपये से 76 हेक्टेयर तथा जामडीह जलाशय के लिए 3.23 करोड़ रुपये से 61 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

इसी तरह गंगोटी जलाशय योजना के नवीनीकरण के लिए 4.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 96 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होगा। डांडकरवां एनीकट के लिए 4.09 करोड़ रुपये से 70 हेक्टेयर, जबकि मायापुर-2 जलाशय योजना के लिए 4.70 करोड़ रुपये से 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होगी।

इन कार्यों के पूर्ण होने से जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के साथ किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट