सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर, 22 नवंबर। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र में ठेका श्रमिकों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) की क्रमिक भूख हड़ताल छठवें दिन भी जारी रही। आंदोलन को समर्थन देने जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह अपने पदाधिकारियों के साथ धरनास्थल पहुंचीं।
एटक के क्षेत्रीय सचिव पंकज कुमार गर्ग ने कहा कि श्रमिकों की मांगें कोई नई नहीं हैं, बल्कि केंद्र सरकार, कोल इंडिया और श्रम कानूनों के तहत निर्धारित नियमों के पालन से संबंधित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन की उदासीनता के कारण ठेका मजदूरों का शोषण हो रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि प्रबंधन ने मांगें पूरी नहीं कीं तो कांग्रेस पार्टी श्रमिकों के साथ आंदोलन में शामिल होगी। इस दौरान जिला महामंत्री संजय डोषी और उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन भी उपस्थित रहे।
एटक के अनुसार, प्रतिदिन 10 श्रमिक क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ रहे हैं और अब तक 60 श्रमिक इसमें शामिल हो चुके हैं। 17 नवंबर से शुरू हुआ यह आंदोलन जारी है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 25 नवंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
श्रमिकों की प्रमुख मांगों में सभी खदानों में कार्य समितियों का गठन, नियुक्ति एवं पहचान पत्र जारी करना, एचपीसी वेतन का भुगतान, बायोमेट्रिक हाजिरी और 26 दिन का काम सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अलावा हर महीने की 7 तारीख तक वेतन और वेतन पर्ची देने, बोनस एवं बकाया राशि का भुगतान करने, खदानों में सुरक्षा मानकों का पालन कराने तथा गायत्री एवं केतकी खदानों में कथित अवैध वसूली की जांच कराने की मांग की गई है। पूर्व में वेतन से काटी गई सीएमपीएफ राशि लौटाने या समायोजित करने की मांग भी शामिल है।
धरनास्थल पर एटक के क्षेत्रीय अध्यक्ष हीरालाल, कोषाध्यक्ष विनोद सिंह सहित यूनियन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक मौजूद रहे।