सूरजपुर

सडक़ संधारण में लापरवाही, ठेकेदारों की बैंक गारंटी होगी राजसात
23-Nov-2026 9:46 PM
सडक़ संधारण में लापरवाही, ठेकेदारों की बैंक गारंटी होगी राजसात

धीमे निर्माण कार्यों पर भी नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 23 नवंबर। लोक निर्माण विभाग के सचिव  मुकेश कुमार बंसल ने लगातार दो दिनों तक चार जिलों में सडक़ों, पुल-पुलियों, कॉलेजों, अस्पताल और अन्य निर्माण एवं संधारण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में विभिन्न निर्माण स्थलों पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता परखी तथा अधिकारियों और ठेकेदारों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।

श्री बंसल ने निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार और सडक़ संधारण में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने, बैंक गारंटी राजसात करने तथा सुधार नहीं होने पर ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता मानकों के पालन और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने प्रमुख अभियंता  व्ही.के. भतपहरी, अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता  के.पी. संत, अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता  आर.एस. तोमर तथा संबंधित संभागों के कार्यपालन अभियंताओं व अनुविभागीय अधिकारियों एवं ठेकेदारों के साथ जशपुर, मनोरा, सन्ना, बगीचा, कांसाबेल, बागबहार, कोतबा, लुड़ेग, सीतापुर, पत्थलगांव, मैनपाट, दरिमा, राजपुर, प्रतापपुर, भैयाथान और सूरजपुर में सडक़ों की स्थिति तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सडक़ संधारण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

सूरजपुर में डामरीकरण तत्काल शुरू करने के निर्देश

श्री बंसल ने बिशुनपुर-सूरजपुर-ओडग़ी मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सडक़ पर डामरीकरण तत्काल प्रारंभ करने तथा उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने 27 किलोमीटर लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग के निर्माण कार्य की भी प्रगति देखी। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार ने बताया कि लगभग 10 किलोमीटर सडक़ पर डब्ल्यूएमएम का कार्य पूरा कर लिया गया है। बैच मिक्स प्लांट भी स्थापित हो चुका है। अगले तीन-चार दिनों में प्लांट के कैलिब्रेशन सहित आवश्यक कार्य पूर्ण कर डामरीकरण प्रारंभ कर दिया जाएगा। ठेकेदार ने जून 2027 तक अनुबंध के सभी कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने डामरीकरण जल्द शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

श्री बंसल ने सूरजपुर स्थित कलेक्टर बंगले में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, सूरजपुर ऑडिटोरियम के मरम्मत कार्य तथा जिले में निर्माणाधीन अन्य कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

89 करोड़ की लागत से उन्नत राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का लिया जायजा

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सचिव श्री बंसल ने केंद्रीय सडक़ निधि (सीआरएफ) योजना के अंतर्गत उन्नयन और मजबूतीकरण किए गए राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का निरीक्षण किया। इस वर्ष जनवरी में 29.20 किलोमीटर लंबी इस सडक़ का 89 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से उन्नयन और मजबूतीकरण किया गया है। यह सडक़ पांच वर्षों की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है।  बंसल ने सडक़ की स्थिति और संधारण व्यवस्था का जायजा लिया।

दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान सचिव श्री बंसल ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, सडक़ संधारण में तत्परता तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट