सूरजपुर

113 करोड़ की साइबर ठगी, दो बंदी, एक फरार
22-Nov-2026 9:04 PM
113 करोड़ की साइबर ठगी, दो बंदी, एक फरार

21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों की शिकायत पर हुआ खुलासा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 22 नवंबर। देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन से जुड़े बड़े मामले में सूरजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि सूरजपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एक खाते के माध्यम से 21 राज्यों के 150 खाताधारकों से जुड़ी साइबर ठगी की कुल 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये की रकम का लेनदेन हुआ था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से एसबीआई सूरजपुर में बैंक खाता खुलवाया था। इस खाते के संबंध में देश के 21 राज्यों से 150 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जांच के बाद थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

विवेचना में पता चला कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के बैंक खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की ठगी की रकम आई थी। इसमें से 13 लाख रुपये कमीशन के रूप में प्राप्त हुए थे। इस रकम में देवनारायण को 8 लाख, अमन पासवान को 2 लाख और जिशान रजा को 2.5 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई। कमीशन की रकम जिशान द्वारा चेक और एटीएम के माध्यम से निकाली गई थी।

मामले में पूर्व में देवनारायण चक्रधारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है। वहीं पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमन पासवान (32 वर्ष), निवासी पंखानजूर, जिला कांकेर तथा जिशान रजा (30 वर्ष), निवासी नावापारा सूरजपुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, एसआई सकलूराम भगत सहित पुलिस टीम सक्रिय रही। मामले की विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट