सूरजपुर
कटर से केबिन काट चालक को निकाला बाहर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 23 नवंबर। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर चौक खजुरी के पास रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे भीषण सडक़ हादसा हो गया। बिहार के सासाराम से अंबिकापुर जा रही शमीम एनएसटी स्लीपर बस का टायर डिवाइडर से टकराने के बाद फट गया। इससे अनियंत्रित बस सडक़ किनारे आम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में चालक-कंडक्टर समेत दर्जन भर यात्री घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया। सूचना पर पहुंची प्रतापपुर पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कटर से बस का क्षतिग्रस्त हिस्सा काटकर चालक को बाहर निकाला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। चालक और कंडक्टर की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मामले में बस सवार एक युवक की मौत की भी खबर है।