सूरजपुर

सतगुरु नानक प्रगट्या शबद कीर्तन से गूंजायमान नगर
22-Nov-2026 9:05 PM
सतगुरु नानक प्रगट्या शबद कीर्तन से गूंजायमान नगर

प्रकाश पर्व के पूर्व सिख समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 22 नवंबर। सिख धर्म के संस्थापक व प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में सिख समाज व श्रद्धालुओं द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा बिश्रामपुर से दोपहर साढ़े 3 बजे अरदास व जयकारे के साथ आरम्भ हुई। श्री गुरु ग्रन्थ साहेब की सजी पालकी की अगुवाई खालसा रूप में सजे पंज प्यारे प्रिंस बग्गा, इशरजोत सिंह बग्गा, निंदर सिंह, बलजीत सिंह व वीर सिंह ने की। साथ ही निशान साहेब थामने की सेवा हरमन सिंह खेड़ा व जसवीर सिंह ने की। इस दौरान स्त्री साध संगत व युवा समिति द्वारा सडक़ पर जल छिडक़ाव व सफाई कर पुष्प वर्षा की गई।

श्री गुरुनानक देव के गुरबाणी रूपी शबद कीर्तन के निरंतर गूँज से नगर का माहौल भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा गुरुद्वारा प्रांगण से वन बी -वन सी कॉलोनी, गौरीशंकर मंदिर ग्राउंड, साईं मंदिर रोड, मंगतराम चौक होते हुए शाम 6 बजे बस स्टैंड रोड व मुख्य बाजार पहुंची जहां युवा समिति द्वारा मुख्य चौराहों पर भव्य आतिशबाजी की। तत्पश्चात अम्बेडकर चौक से गुरुद्वारा चौक होते हुए देर शाम शोभायात्रा पुन: गुरुद्वारा प्रांगण पहुंची जहां अरदास व जयकारे के साथ शोभायात्रा सम्पन्न कराई गई। समाप्ति व प्रसाद वितरण के बाद श्रद्धालुओं के लिए गुरु का लंगर चलाया गया। आयोजन को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के दलजीत सिंह, जसबीर सिंह, रणबीर भामरा, प्रिंस ढिल्लों, परमजीत सिंह, सुखदेव सिंह, बख्सिश सिंह मान सक्रिय रहे।

शोभायात्रा का जगह जगह हुआ स्वागत

 प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकली शोभायात्रा व पंज प्यारों का कई जगहों पर स्वागत किया गया। अलग अलग धर्म व समाज के लोगों ने अपने प्रांगण के सामने अरदास कराई एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया, सर्वप्रथम वन बी -वन सी कॉलोनी में स्त्री साध संगत,गौरीशंकर मंदिर प्रांगण में बख्सिश मान परिवार,इसके पश्चात साईं मंदिर के सामने सत्य साईं सेवा समिति, शनि मंदिर समीप अयप्पा सेवा समिति,मेन मार्केट में सरदार खुशबीर सिंह खेड़ा,जगदीश सिंह बग्गा, मंजीत सिंह खेड़ा तथा सुरेंदर सिंह बग्गा परिवार द्वारा अपने प्रतिष्ठान के सामने अरदास व प्रसाद की सेवा सम्पन्न कराई गई।

शोभायात्रा से पूर्व 7 दिनों तक निकाली गई प्रभात फेरियां

सिख समाज द्वारा प्रकाश उत्सव मनाने की तैयारियां पखवाड़े भर पूर्व से की जा रही हैं। शोभायात्रा निकालने से पूर्व गत 14 नवम्बर से लेकर 20 नवंबर तक निरंतर 7 दिनों तक प्रात: काल में प्रभात फेरियाँ निकाली गई। इस दौरान कडक़ड़ाती ठंड के बीच श्रद्धालुगण रोजाना गुरुद्वारा प्रांगण से निकलकर शबद कीर्तन करते हुए सिख सेवादारों के निवास पहुँचते रहे जहां अरदास व प्रसाद वितरण की सेवा कराई गई। इस बार की प्रभात फेरी की सेवा सरदार जोगिंदर सिंह,मनमोहन कौर,इंदरजीत सिंह माखीजा,बलजीत सिंह,बहादुर सिंह, इन्दरपाल सिंह मान तथा स्त्री साध संगत के द्वारा सम्पन्न कराई गई।

24 को मनाया जायेगा प्रकाश उत्सव, दिल्ली से पहुँच रहे रागी जत्थे

गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी द्वारा बताया गया कि प्रकाश उत्सव को मनाने हेतु राजधानी दिल्ली से हजूरी रागी जत्थे भाई सतवीर सिंह व साथी एवं स्थानीय ज्ञानी अमरदीप सिंह प्रीत द्वारा सुबह -शाम का दो दिनी कीर्तन दीवान किया जायेगा। इससे पूर्व रविवार की सुबह निशान साहेब की चोला सेवा सम्पन्न कराने पश्चात गुरूद्वारे में अखण्ड पाठ आरम्भ कराया गया है जिसकी समाप्ति मंगलवार को प्रकाश उत्सव के दिन होगी।


अन्य पोस्ट