सूरजपुर

15 सूत्रीय मांगें, ठेका मजदूरों की 7 दिनी क्रमिक भूख हड़ताल शुरू
20-Nov-2026 8:47 PM
15 सूत्रीय मांगें, ठेका मजदूरों की 7 दिनी क्रमिक भूख हड़ताल शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर, 20 नवंबर। संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एसकेएमएस-एटक), एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र द्वारा ठेका श्रमिकों की 15 सूत्रीय लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष सात दिवसीय क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी गई है। 17 नवंबर से जारी इस आंदोलन के माध्यम से संघ प्रबंधन का ध्यान ठेका श्रमिकों की समस्याओं की ओर आकर्षित कर रहा है।

संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष हीरालाल एवं क्षेत्रीय सचिव पंकज कुमार गर्ग ने संयुक्त रूप से बताया कि 20 नवंबर को विजेंद्र कुमार, अंकित राजवाड़े, शिवनारायण सिंह, यमुना प्रसाद, अमर सिंह, डिगर सिंह, फुलेश्वर प्रसाद, रामविलास, दुलार सिंह एवं खेमराज विश्वकर्मा सहित 11 श्रमिक क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे।

संघ की प्रमुख मांगों में सभी खदानों में कार्य समिति (वर्क्स कमेटी) का गठन, ठेका श्रमिकों को नियुक्ति एवं पहचान पत्र प्रदान करना तथा कोयला परिवहन, साइडिंग, सोलर प्लांट और खान परिसर में कार्यरत सभी श्रमिकों को एचपीसी वेतनमान के अनुसार भुगतान करना शामिल है।

इसके अलावा बायोमेट्रिक मशीन एवं उपस्थिति रजिस्टर में हाजिरी दर्ज करने, प्रतिमाह 26 दिन का काम सुनिश्चित करने, प्रत्येक माह की 7 तारीख तक वेतन भुगतान और वेतन पर्ची उपलब्ध कराने की मांग की गई है। संघ ने कॉरपोरेट बैंक खातों के माध्यम से वेतन भुगतान, बोनस एवं पीएलआई का पूरा भुगतान तथा गायत्री और केतकी खदान का वर्ष 2024-25 का बकाया बोनस तत्काल देने की भी मांग उठाई है।

अन्य मांगों में खदानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, दुर्घटनाओं को छिपाने की प्रवृत्ति पर रोक, गायत्री एवं केतकी खदान के आसपास रोजगार के नाम पर कथित अवैध वसूली की उच्चस्तरीय जांच, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा पूर्व में वेतन से काटी गई सीएमपीएफ राशि की वापसी अथवा समायोजन शामिल है।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि ठेका श्रमिकों की जायज मांगों का निराकरण होने तक आंदोलन जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट