सूरजपुर

खाना दो-सुरक्षा दो..., छात्रावास की छात्राओं का प्रदर्शन
24-Aug-2026 9:57 PM
खाना दो-सुरक्षा दो..., छात्रावास की छात्राओं का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 24 अगस्त। सूरजपुर जिला के रामानुजनगर विकासखंड के ग्राम भूनेश्वरपुर स्थित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की आदिवासी छात्राओं ने छात्रावास की अव्यवस्थाओं को लेकर रामानुजनगर-कालुवा स्टेट हाईवे पर प्रदर्शन किया। सडक़ पर बैठीं छात्राएं अपनी समस्याएं बताते हुए रो पड़ीं और हमें खाना दो, सुरक्षा दो के नारे लगाए।

मामले की जानकारी मिलते ही जिला स्तरीय टीम मौके पर पहुंची और छात्राओं की मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। कांग्रेस नेता अविनाश साहू ने कहा कि यदि शिकायत की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो छात्राओं के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय से निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन और नाश्ता नहीं दिया जा रहा है। भोजन में खराब चावल, सब्जी और पतली दाल परोसे जाने की शिकायत करते हुए उन्होंने साबुन, तेल व टूथपेस्ट जैसी दैनिक उपयोग की सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलने की बात कही।

छात्राओं ने छात्रावास संचालन में अधीक्षिका के 23 वर्षीय पुत्र के कथित हस्तक्षेप का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि अधीक्षिका की अनुपस्थिति में उनके पुत्र द्वारा छात्रावास की व्यवस्थाओं में दखल दिया जाता है। छात्राओं ने इसे उनकी सुरक्षा और निजता से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

इसके अलावा छात्रावास भवन और रसोईघर की जर्जर स्थिति, बारिश में छत से पानी टपकने, खराब पंखों और पर्याप्त बिस्तर नहीं होने की शिकायत भी सामने आई।

प्रदर्शन की सूचना पर स्थानीय ग्रामीण और छात्र नेता मौके पर पहुंचे और छात्राओं की मांगों का समर्थन किया।

प्रदर्शनकारियों ने अधीक्षिका के निलंबन, राशन व स्टॉक रजिस्टर सहित रिकॉर्ड की जांच, निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन, आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा भवन की मरम्मत की मांग की।


अन्य पोस्ट