सूरजपुर

राइस मिल से ग्रामीणों का जीना दूभर, पंचायत ने की कार्रवाई की मांग
10-Feb-2026 11:06 PM
राइस मिल से ग्रामीणों का जीना दूभर, पंचायत ने की कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 10 फरवरी। जनपद पंचायत सूरजपुर के ग्राम पंचायत तेलइकछार में संचालित एक राइस मिल ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। मिल से निकलने वाले धुएं, धूल एवं अपशिष्ट पदार्थों के कारण गांव का वातावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस संबंध में ग्राम पंचायत तेलइकछार के सरपंच सचिव समेत अस्सी से अधिक स्थानीय ग्रामीणों ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए राइस मिल संचालक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत पत्र में पंचायत द्वारा बताया गया है कि राइस मिल से निकलने वाली राख व सूक्ष्म कण हवा में घुलकर गांव तक पहुंच रहे हैं। इसके कारण ग्रामीणों में सांस संबंधी बीमारियां, आंखों में जलन, त्वचा रोग सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों पर इसका गंभीर असर देखा जा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि मिल से होने वाला वायु प्रदूषण भविष्य में गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। धूलकण घरों में जमा हो रहे हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

इसके साथ ही राइस मिल तक भारी वाहनों की आवाजाही से यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई है। सडक़ों पर दिन-रात भारी वाहनों के चलने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

 गांव के स्कूली बच्चों एवं राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विद्युत तार टूटने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

पंचायत ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि मिल से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों के कारण कृषि भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों की फसलें खराब हो रही हैं और ग्रामीणों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि राइस मिल प्रबंधन द्वारा न तो पर्यावरणीय नियमों का पालन किया जा रहा है और न ही ग्राम पंचायत को मजदूरों व गतिविधियों की कोई जानकारी दी जाती है। इससे गांव में असंतोष का माहौल बन रहा है।

अंत में ग्राम पंचायत ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण जनहित को ध्यान में रखते हुए राइस मिल को नियमों के अनुरूप संचालित कराया जाए या आवश्यक होने पर मिल को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए, ताकि गांव में शांति और सुरक्षित वातावरण बहाल हो सके।


अन्य पोस्ट