सूरजपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 10 फरवरी। सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर स्थित पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक ने अपने क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस महकमे सहित क्षेत्र में शोक का माहौल है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि प्रारंभिक जांच में शराब की लत और आर्थिक तंगी की बात सामने आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोपड़ा कॉलोनी, बिश्रामपुर स्थित बिलसपुरिहा लाइन के क्वार्टर नंबर 788 में रहने वाले आरक्षक अंतोश खलखो पिता स्वर्गीय नवल साय, बैच नंबर 842, जिला बल सूरजपुर में पदस्थ थे। वर्तमान में वे विगत दो माह से मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में ड्यूटी पर तैनात थे।
बताया गया कि आरक्षक अंतोश खलखो सोमवार को तीन दिनों का अवकाश लेकर अपने क्वार्टर पहुंचे थे। शाम को वे घर के बाजू स्थित ससुराल में भोजन करने के बाद अपने क्वार्टर लौट आए। रात करीब 10 बजे जब उनकी पत्नी आशा खेस ससुराल से वापस अपने घर लौटी, तो उसने सामने वाले कमरे में अपने पति को पंखे से आयरन तार के सहारे बने फंदे पर लटका हुआ देखा।
घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तत्काल आरक्षक को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर बिश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। वे अपने पीछे पत्नी और एक पांच वर्षीय बेटी को छोड़ गए हंै।


