सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 7 फरवरी। सूरजपुर जिले के करंजी चौकी अंतर्गत ग्राम सोहागपुर में अज्ञात चोरों ने एक कृषक के घर से नगदी रकम सहित लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। पीडि़त की रिपोर्ट पर बिश्रामपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 334(4), 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में ग्राम सोहागपुर निवासी कृषक नरेश कुमार रैकवार ने बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ रहता है। घर के पिछले हिस्से में उसके माता-पिता रहते हैं, जबकि सामने के हिस्से में वह स्वयं रहता है। गुरुवार 5 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे वह निजी कार्य से बिश्रामपुर गया हुआ था और घर का दरवाजा बंद कर गया था।
रात करीब 8 बजे जब वह वापस लौटा तो घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर पलंग के नीचे रखी पेटी गायब थी। उक्त पेटी में डेढ़ तोला सोने की चैन, एक जोड़ी चांदी की पायल, चार नग चांदी की बिछिया, तीन नग चांदी के सिक्के, 40 हजार नगद, बैंक के फिक्स्ड डिपॉजिट के कागजात एवं चेकबुक रखी हुई थी, जो पेटी सहित चोरी हो गई।
परिजनों से पूछताछ के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर पीडि़त ने करंजी पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी। सूचना पर करंजी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चोरी गए जेवरात एवं नगदी की कुल कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है।


