सूरजपुर

एनीकट में नहाते डूबे दो नाबालिग, तलाश
08-Feb-2026 8:18 PM
एनीकट में नहाते डूबे दो नाबालिग, तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 8 फरवरी। रविवार को रामनगर से गुजरे रेड नदी में बने मोहरा एनीकट में नहाने उतरे दो किशोरों की गहरे पानी में डूब जाने की खबर है। घटना की सूचना पर जिले की एसडीआरएफ टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों को लेकर बिश्रामपुर पुलिस दोनों बच्चों की तलाशी के लिए अभियान चलाए हुए है, लेकिन समाचार लिखे जाने रविवार शाम 5 बजे तक दोनों का पता नहीं चल सका है।

बताया जाता है कि शिवनंदनपुर गवटियापारा निवासी सेराज अंसारी का बारह वर्षीय पुत्र आदिल और जयनगर कुंजनगर निवासी मो. जावेद का 15 वर्षीय पुत्र अयान सद्दाम रविवार दोपहर अपने अन्य पांच-छह हमउम्र के मित्रों के साथ घूमने के उद्देश्य से रामनगर मोहरा एनीकट डेम पहुंच गए, जिसमें आदिल और अयान बातों बातों में स्नान करने डैम में उतर गए और देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गए। उन्हें डूबते देख साथियों ने हो हल्ला भी किया, लेकिन तब तक दोनों लापता हो चुके थे।

घटना के बाद डरे सहमे अन्य दोस्तों ने अपने घर पहुंच परिजनों को  आदिल और अयान के डूबने की खबर बताई, जिसके बाद उनके परिजनों को सूचित कर घटना की जानकारी बिश्रामपुर पुलिस को दी गई।

बिश्रामपुर पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ टीम को खबर कर मौके पर बुला तलाशी अभियान चलाया हुआ है, लेकिन दोनों बच्चों का देर शाम तक कहीं पता नहीं चला है। घटना स्थल पर परिजनों सहित बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए हैं ।


अन्य पोस्ट