सूरजपुर

एनीकट में डूबे दोनों नाबालिगों की लाश दूसरे दिन बरामद
09-Feb-2026 10:20 PM
एनीकट में डूबे दोनों नाबालिगों की लाश दूसरे दिन बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,9 फरवरी। रामनगर से होकर गुजरने वाली रेड नदी में स्थित मोहरा एनीकट में नहाने के दौरान डूबे दो किशोरों के शव दूसरे दिन एसडीआरएफ टीम ने बरामद कर लिए। रविवार को पूरे दिन चले तलाशी अभियान में सफलता नहीं मिली थी, जिसे सुरक्षा कारणों से अंधेरा होने पर रोक दिया गया था।

सोमवार की सुबह बिश्रामपुर पुलिस, एसडीआरएफ टीम एवं स्थानीय गोताखोरों द्वारा पुन: सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ ही देर में एक-एक कर दोनों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए। पुलिस ने पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर शव परिजनों को सौंपते हुए मर्ग कायम किया है।

मृतकों की पहचान शिवनंदनपुर गवटियापारा निवासी सेराज अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र आदिल तथा जयनगर कुंजनगर निवासी मो. जावेद के 15 वर्षीय पुत्र अयान सद्दाम के रूप में हुई है। दोनों रविवार दोपहर अपने पांच-छह दोस्तों के साथ घूमने के उद्देश्य से मोहरा एनीकट पहुंचे थे, जहां आपसी बातचीत के दौरान नहाने के लिए पानी में उतरते ही गहरे पानी में डूब गए।

साथियों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों पानी में लापता हो चुके थे। घबराए बच्चों ने घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।

बताया गया कि अयान कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था, जबकि आदिल मनेंद्रगढ़ में अपने नाना-नानी के यहां रहकर मदरसे में पढ़ाई कर रहा था और शब-ए-बरात पर्व पर घर आया हुआ था।

घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है तथा गांव में शोक का माहौल है।


अन्य पोस्ट