सारंगढ़-बिलाईगढ़

विधायक उत्तरी ने सुशासन तिहार में रखी 22 सूत्रीय मांगें
22-May-2026 7:21 PM
विधायक उत्तरी ने सुशासन तिहार में रखी 22 सूत्रीय मांगें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 22 मई। सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम उच्चभिठ्ठी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर (सुशासन तिहार) में विधायक उत्तरी जांगड़े ने क्षेत्र के समुचित विकास और जनहित से जुड़ी 22 महत्वपूर्ण मांगों का ज्ञापन सौंपा।

 ज्ञापन में जिला मुख्यालय में इंजीनियरिंग, नर्सिंग, पॉलीटेक्निक और उद्यानिकी कॉलेजों के साथ-साथ केंद्रीय व नवोदय विद्यालय की स्थापना की मांग की गई। साथ ही, रायपुर-सारंगढ़-झारसुगुड़ा रेल परियोजना को शीघ्र शुरू करने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य केंद्रों में एमबीबीएस डॉक्टरों की नियुक्ति, कोसीर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने और भेंडवन आयुर्वेदिक केंद्र में डॉक्टरों की पदस्थापना की मांग रखी गई।

 विधायक ने बुजुर्गों की कटी हुई पेंशन को पुन: बहाल करने और प्रत्येक गाँव में इसके लिए विशेष शिविर लगाने को कहा। इसके अलावा च्महतारी वंदन योजनाज् में भुगतान की अनियमितताओं को दूर कर नियमित लाभ सुनिश्चित करने का मुद्दा उठाया।

अघोषित बिजली कटौती पर चिंता जताते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन किया जाएगा। खेती के लिए खाद (यूरिया व डीएपी) की अपर्याप्त मात्रा और कृषि कार्यों के लिए डीजल की कमी का मुद्दा उठाते हुए खाद-बीज की समय पर उपलब्धता की मांग की।विधायक ने शासकीय कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार व घूसखोरी पर रोक लगाने और नागरिकों को पारदर्शी व त्वरित सेवाएँ प्रदान करने का आग्रह किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट