सारंगढ़-बिलाईगढ़

दिन-दहाड़े दुकान में घुसकर कारोबारी पर जानलेवा हमला, 3 पर जुर्म दर्ज
22-May-2026 7:15 PM
दिन-दहाड़े दुकान में घुसकर कारोबारी पर जानलेवा हमला, 3 पर जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 22 मई। दिन-दहाड़े कपड़ा दुकान में घुसकर कारोबारी पर तीन युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने 3 आरोपियों पर जुर्म दर्ज किया है।

शहर के हृदयस्थल वीरांगना लक्ष्मीबाई व्यावसायिक परिसर स्थित ब्वायज कलेक्शन दुकान में संचालक सम्मी केशरवानी पर तीन युवकों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों के पास लाठी और डंडे थे, जिनमें लोहे की कीलें लगी हुई थीं। उन्होंने दुकान संचालक के सिर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ वार किए। पीडि़त के अनुसार, हमलावरों के पास शराब की खाली बोतलें भी थीं, जिससे प्रतीत होता है कि यह हमला सुनियोजित था।

दुकानदार सम्मी केशरवानी अपनी जान बचाने के लिए दुकान से भागने में सफल रहे, अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें हमलावरों की पहचान और उनके हिंसक तरीके को स्पष्ट देखा जा सकता है।

सिटी कोतवाली पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर सोनू यादव और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं (333, 118(1), 296, 115(2), 351(3), 3(5)) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जाँच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।


अन्य पोस्ट