सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 23 मई। पेट्रोल-डीजल की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गोपाल बाघे ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए बैल-हल से खेत जोतकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। इस प्रतीकात्मक विरोध ने क्षेत्र के लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
गोपाल बाघे ने आरोप लगाया कि देश में पेट्रोल डीजल की संकट आया नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री द्वारा जान बूझ कर संकट लाया गया है। इससे ईंधन की कीमतें बढ़ाने में आसानी होती है और आम जनता का विरोध भी कम हो जाता है, जबकि इसका लाभ कुछ बड़े ईंधन व्यापारियों और उद्योगपतियों को मिलता है।
उन्होंने कहा कि महंगे ईंधन और उसकी कमी से किसान वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। एक ओर खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर समय पर जुताई नहीं हो पाने से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
मजबूरी में किसानों को पारंपरिक तरीकों का सहारा लेना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नियंत्रण किया जाए तथा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा लगाए गए करों में कमी या उन्हें समाप्त किया जाए।


