सारंगढ़-बिलाईगढ़

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जल्द खुलेगा जिला परिवहन कार्यालय
21-May-2026 4:25 PM
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जल्द खुलेगा जिला परिवहन कार्यालय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 मई।  सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद, अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जिला परिवहन कार्यालय स्थापित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

 कार्यालय की स्थापना के लिए बजट आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रशासनिक सेटअप और आवश्यक पदों की स्वीकृति के लिए अंतिम प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन से अंतिम मंजूरी मिलते ही कार्यालय का कामकाज शुरू हो जाएगा।

सारंगढ़ विधानसभा की पूर्व विधायक पदमा मनहर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस कार्यालय की स्थापना की मांग की थी। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा संज्ञान लेने के बाद परिवहन विभाग ने इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की है। जिला बनने के बावजूद स्थानीय लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन और परमिट जैसे कार्यों के लिए रायगढ़ या अन्य स्थानों पर जाना पड़ता था। डीटीओ कार्यालय शुरू होने से स्थानीय नागरिकों के समय और धन की बचत होगी। परिवहन विभाग ने इस प्रगति की जानकारी पूर्व विधायक पदमा मनहर को भेज दी है और इसे सरकारी पोर्टल पर भी अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। कार्यालय शुरू होने की खबर से जिले के वाहन स्वामियों और आम नागरिकों में हर्ष का माहौल है।


अन्य पोस्ट