सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 23 मार्च। बरमकेला विकास खंड के अंतर्गत ग्रापं कादूरपाली में विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की मुख्य आतिथ्य में जल संरक्षण जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य जल का संरक्षण करना और उसकी उपयोगिता और महत्ता हेतु लोगों को जागरूक करना है।
जिपं अध्यक्ष पाण्डेय ने कहा कि जल संरक्षण आज की आवश्यकता है। पानी की हर बूंद मानव जीवन के लिए कीमती एवं अनमोल है। इसलिए पानी का सदुपयोग करना चाहिए । आज के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संजय भूषण पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि के रूप सांसद प्रतिनिधि यादव, सरिया भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप सतपथी, जिपं सदस्य सहोद्रा सिदार जनपद अध्यक्ष विद्या चौहान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता राम शंकर कश्यप ग्रापं सरपंच पंच व आसपास के भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे ।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा आयोजित विश्व जल दिवस के अवसर पर उपस्थित ग्रामीण जनों को संबोधित करते हुए जिपं अध्यक्ष पाण्डेय ने कहा कि जल ही जीवन है,जहां जल है वहां जीवन है । जल हमारे जीवन की अनिवार्य आवश्यकता है।
इसके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जल का संरक्षण करना हमारी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। जल,प्रकृति के द्वारा हमें दिया गया अनमोल उपहार है। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि आज हमारे चारों तरफ पानी की समस्या और उससे हो रही भेदभाव, असमानता को दूर करने की सामूहिक जिम्मेदारी है।


