सारंगढ़-बिलाईगढ़

होली : पुलिस का फ्लैग मार्च
03-Mar-2026 5:34 PM
होली : पुलिस का फ्लैग मार्च

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 3 मार्च। होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा शहर में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और पुलिस अधीक्षक आंजनेय वाष्र्णेय के नेतृत्व में निकाला गया।

फ्लैग मार्च थाना सिटी कोतवाली से प्रारंभ होकर भारत माता चौक सहित अन्य प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और चिन्हित स्थानों से होकर गुजरा। पुलिस बल के जवान इसमें शामिल रहे।

 कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि होली का पर्व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जाए। उन्होंने कहा कि जबरन रंग लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार वाहन चलाने, डीजे के माध्यम से ध्वनि नियमों का उल्लंघन करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक आंजनेय वाष्र्णेय ने नागरिकों से अपील की कि होली को शांति और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं।

प्रशासन के अनुसार जिले में 4 राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में अतिरिक्त पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। लगभग 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

संवेदनशील क्षेत्रों और ग्रामों में वाहन सहित फ्लैग मार्च तथा शाम के समय पैदल पेट्रोलिंग की गई। अनुविभाग स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों के नेतृत्व में गश्त की गई।

मुख्य चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री की निगरानी के लिए साइबर सेल को सतर्क किया गया है।

पुलिस ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाने या सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव की स्थिति में संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। डीजे और साउंड सिस्टम के उपयोग के लिए निर्धारित समय और ध्वनि सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा।

प्रशासन ने कहा है कि होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट