सारंगढ़-बिलाईगढ़

रेल कॉरिडोर अग्निकांड : 42 हजार पेड़ों को नुकसान
01-Mar-2026 10:01 PM
रेल कॉरिडोर अग्निकांड : 42 हजार पेड़ों को नुकसान

जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई-डीएफओ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 मार्च।  बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत आरक्षित नर्सरी रेल कॉरिडोर कक्ष क्रमांक 408 में भीषण आगजनी होने की वजह से करीब 42000 पेड़ को नुकसान पहुंचा है जिसमें बड़ी संख्या में सागौन पेड़ और फलदार पेड़ शामिल हैं।

उक्त खबर मिलने के बाद उप वनमंडल अधिकारी सारंगढ़ बिलाईगढ़ के द्वारा उडऩदस्ता दल प्रभारी को गुरुवार को आदेश जारी करते हुए पत्र लिखा गया है कि बिलाईगढ़ के आरक्षित नर्सरी में भी घटना घटित हुई है। उक्त आग की घटना की जानकारी वन परिक्षेत्र अधिकारी बिलाईगढ़ के द्वारा अपने उच्च अधिकारियों को नहीं दिया गया है। इस सिलसिले में आप घटनास्थल पर जांच कर दोषी आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्ताव तैयार कर जांच प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।  लेकिन इस आदेश का भी उल्लंघन किया गया।

दो दिनों तक किसी भी प्रकार की जांच कार्यवाही नहीं की गई शनिवार को उडऩदस्ता टीम बिलाईगढ़ जरूर पहुंची लेकिन वन परिक्षेत्र अधिकारी के कार्यालय में बैठकर रेंजर माखन लाल बंजारे के द्वारा बनाए गए पंचनामा को पढ़ा गया और उसी को लेकर वापस लौट गए जबकि उक्त मामले में रेंजर की भी बड़ी लापरवाही सामने आई है जो आरोपी है उन्हीं के द्वारा पंचनामा तैयार किया गया था उसी को उडऩदस्ता टीम लेकर चली गई।  घटनास्थल की जांच तक करना उचित नहीं समझा गया।  इस प्रकार से देखा जाए तो वन विभाग के अधिकारियों के द्वारा ही इतनी बड़ी घटना को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

उक्त मामले में डीएफओ विपुल अग्रवाल का कहना है कि आगजनी हुई थी हमारी प्राथमिकता आग को बुझाने की थी जो बुझा ली गई है जांच के लिए उडऩदस्ता टीम को सौंप दिया गया है प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद दोषियों पर कार्रवाई किया जाएगा । अभी किसी पर भी कार्यवाही नहीं किया गया है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने की कार्रवाई की मांग

उक्त मामले में सारंगढ़ बिलाईगढ़ के कांग्रेस जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने भी प्रतिक्रिया दी है और कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पेड़ में आग लग जाना संदेह के दायरे में है उन्होंने शासन प्रशासन से जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही करने की मांग की है और कहा कि अगर शुरुआत में ही इतनी बड़ी आगजनी होती है तो अभी तो गर्मी बाकी है ऐसे में जिम्मेदार पर कार्रवाई होना अति आवश्यक है ताकि आने वाले समय में इस प्रकार से आगजनी की घटना न घटे। ताराचंद देवांगन ने आगे कहा कि भाजपा सरकार कहती है कि एक पेड़ मां के नाम लगाओ इधर हजारों पेड़ जलकर खाक हो रहे हैं और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।


अन्य पोस्ट