सारंगढ़-बिलाईगढ़

गांड़ा समाज के हक की गूंज, 5 एकड़ भूमि और 2 करोड़ की मांग को लेकर तेज हुई पहल
28-Feb-2026 5:49 PM
गांड़ा समाज के हक की गूंज, 5 एकड़ भूमि और 2 करोड़ की मांग को लेकर तेज हुई पहल

विधायक ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री से की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 28 फरवरी। मूल छत्तीसगढिय़ा गांड़ा समाज  और सराईपाली विधायक चातूरी नन्द के अगुवाई में सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से चातुरी नंद ने एक बड़ी पहल की है। उन्होंने न केवल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ज्ञापन सौंपा, बल्कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी से भी विशेष मुलाकात कर समाज के लिए 5 एकड़ भूमि और 2 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की जोरदार मांग रखी।

विधायक ने स्पष्ट कहा कि मूल छत्तीसगढिय़ा गांडा समाज वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है, लेकिन आज भी समाज के पास स्वयं का स्थायी भवन या पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। ऐसे में नया रायपुर क्षेत्र में 5 एकड़ भूमि सामाजिक भवन निर्माण के लिए उपलब्ध कराई जाए तथा भवन निर्माण और आवश्यक अधोसंरचना के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जाए।

समाज को उसका अधिकार मिलना चाहिए

वित्त मंत्री ओपी चौधरी से हुई चर्चा के दौरान विधायक ने बजट में समाज के लिए अलग से प्रावधान नहीं होने पर चिंता जताई और आगामी बजट या विशेष स्वीकृति के माध्यम से राशि उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब अन्य समाजों के लिए प्रावधान किए जा सकते हैं तो गांडा जाति  की अनदेखी क्यों? प्रदेश में गांड़ा जाति की संख्या बहुत बड़ी तादाद में निवासरत है और अनुसूचित जाति का हिस्सा हैं।

मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री से हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात के बाद समाज के लोगों में उम्मीद बढ़ी है। क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है और समाज अब सरकार के सकारात्मक निर्णय की प्रतीक्षा कर रहा है। विधायक चातुरी नंद ने विश्वास जताया कि सरकार समाज की भावनाओं को समझते हुए शीघ्र उचित निर्णय लेगी और मूल छत्तीसगढिय़ा गांडा समाज को उसका हक दिलाएगी। इस अवसर पर चातूरीनन्द विधायक सराईपाली, देवशरण नाग, गोपाल बाघे,सुभाष चौहान, संकीर्तन नन्द,देवराज दीपक, किशोर नन्द,लक्ष्मी नाग,गोदावरी करैत,सुन्दरदास कुलदीप,मुकेश करैत, मन्थिर चौहान, आनंद चौहान, दिगम्बर चौहान, मुकेश देवदास, परसराम देवदास, तोमन सिंग, मदन भारती, रामा खेमराज बघेल,महेंद्र जगत के अलावा दर्जनों समाजिक कार्यकर्ताओं उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट