सारंगढ़-बिलाईगढ़
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 3 फरवरी। नगर पंचायत भटगांव में अंतरराज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि अरुण गुड्डू यादव, भुवन मिश्रा, जगन्नाथ केशरवानी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे ने की। आयोजन में नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रदीप देवगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
प्रतियोगिता को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे, जिससे आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। अतिथियों ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। आयोजकों द्वारा सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया।


