सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 29 जनवरी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोडम के संस्था प्रभारी ओमप्रकाश कुर्रे को गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया द्वारा प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार, कायाकल्प सत्र 2024-25 के मूल्यांकन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोडम ने जिले में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके पूर्व सत्र 2020-21 में भी संस्था ने रायगढ़ जिले के 52 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोडम को अप्रैल 2025 में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) का प्रमाणीकरण प्राप्त हुआ है। इस मूल्यांकन में भी संस्था को जिले में प्रथम स्थान मिला था। इसके अतिरिक्त, संस्था द्वारा तीन बार सांत्वना पुरस्कार भी प्राप्त किए गए हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोडम की इन उपलब्धियों में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ओमप्रकाश कुर्रे की भूमिका को ध्यान में रखते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


