सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 19 दिसंबर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के रायपुर और रायगढ़ की टीम ने जिला मुख्यालय सारंगढ़ की मेडिकल दुकान के संचालक के घर में दबिश दी गई। यहां नकली औषधि के संबंध में जांच की गई, जहां रायगढ़ टीम द्वारा 2 लाख 24 हजार रूपये की दवाई जब्त की गई। यह जांच 16 दिसंबर को की गई।
संयुक्त टीम द्वारा सरस्वती मेडिकल के संचालक खेमराज बानी सारंगढ़ के मकान में दबिश देने पर बिना औषधि लाइसेंस के घर पर विभिन्न प्रकार के एलोपैथिक, आयुर्वेदिक, औषधियों का भंडारण पाया गया। मौके पर क्रय विक्रय दस्तावेज, लाइसेंस की कॉपी खेमराज बानी ने प्रस्तुत नहीं किया, तब टीम ने प्रथम दृष्टि में, औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत कार्रवाई की। फॉर्म 16 में विधिवत जब्ती किया गया जिसमें कुल 14 प्रकार की दवाइयां मिली, जिसका मूल्य 224000 है। नकली औषधि के संदेह के आधार पर तीन दवाईयों का नमूना भी जब्त कर जांच के लिए रायपुर लैब भेजा गया। प्रकरण में विवेचना जारी है।


