सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 19 दिसंबर। तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से जिपं अध्यक्ष लाइवलीहुड कॉलेज खोलने की मांग की है।
जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने सौंपे पत्र में कहा कि नवगठित सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्र है । यहां के युवाओं को स्वाबलंबी और स्वरोजगार के अवसर सुलभ कराने लाइवलीहुड कॉलेज खोलने की आवश्यकता है। लाइवलीहुड कॉलेज की स्थापना होने से जिले के युवाओं में आत्म निर्भरता और आत्मविश्वास बढ़ेगी, जिससे वे जीवन के विविध आयामों में अपनी उपयोगिता और सहभागिता सुनिश्चित कर सकेंगे।
उन्होंने आगे कहा है कि तकनीकयुक्त ज्ञान और रोजगार परक शिक्षा आज की आवश्यकता है । सम सामयिक शिक्षा और नए कौशल सीखने से युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है । लाइवली हुड कॉलेज का उद्देश्य युवाओं को न केवल रोजगार की साधन मुहैया कराना है , अपितु उन्हें विविध कौशल आधारित गतिविधियों में दक्ष बनाना तथा जीवन जीने की कला विकसित करना होता है।
जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से अनुरोध किया है कि वे जिले के युवाओं के सर्वागींण विकास के लिए आगामी बजट में लाइवलीहुड कॉलेज खोलने का प्रस्ताव शामिल करें। जिससे जिले के युवाओं को विभिन्न तकनीकी शिक्षा सरलता से सुलभ हो सके।
मंत्री खुशवंत साहेब ने जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय के दूरदर्शी और सकारात्मक नजरिया की प्रशंसा करते हुए लाइवलीहुड कॉलेज खोलने की दिशा में आवश्यक विभागीय कार्य वाही करने का आश्वासन दिए।


