सारंगढ़-बिलाईगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 दिसंबर। के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत बर्मन द्वारा 15 दिसंबर 2025 को ग्राम पंचायत गोड़म में निर्माणाधीन महतारी सदन भवन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण में पाया गया कि प्लिंथ बीम में खेत की ऊपरी सतह की मिट्टी से फीलिंग की जा रही थी, जो निर्माण मानकों के विपरीत है। इस लापरवाही पर मौके पर मौजूद सब इंजीनियर विजय मिरी को सीईओ इंद्रजीत बर्मन ने कड़ी फटकार लगाई। साथ ही तत्काल मिट्टी की फीलिंग हटाकर बालू से फीलिंग करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा संबंधित सब इंजीनियर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने का भी निर्देश दिया गया।
सीईओ के निर्देशों के परिपालन में निर्माण एजेंसी द्वारा दो दिवस के भीतर ही निर्माण में की जा रही गड़बडिय़ों में सुधार कर लिया गया, जिससे कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सकी।
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन द्वारा जिले में चल रहे निर्माण कार्यों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इनमें मुख्य रूप से आंगनबाड़ी भवन, सडक़ निर्माण, सामुदायिक शौचालय, आवास योजना एवं मनरेगा अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं।


