सारंगढ़-बिलाईगढ़

पूजा-अर्चना कर धान खरीदी शुरू
16-Nov-2025 8:28 PM
पूजा-अर्चना कर धान खरीदी शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 16 नवंबर। सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के भेड़वन स्थित सेवा सहकारी समिति मर्यादित शाखा भेड़वन (पंजी क्रमांक 358) में शनिवार को खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने अपने वादे के मुताबिक 15 नवंबर से ही किसानों से 3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी शुरू कर दी। 

शुभारंभ कार्यक्रम में भारत माता की पूजा कर नारियल फोडक़र धान खरीदी की औपचारिक शुरुआत की गई। किसानों में खुशी का माहौल है और उन्होंने सरकार के इस त्वरित निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्थानीय भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष दीनानाथ खुंटे उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर पूरी गोस्वामी, मंडल महामंत्री श्याम कुमार टंडन, समिति प्रबंधक  विजेंद्र चंद्रा, प्राधिकृत अधिकारी बृहस्पति यादव, वरिष्ठ किसान रामगोपाल पटेल, पूर्व प्रबंधक रामजी पटेल, पूर्व सोसाइटी अध्यक्ष भीमशंकर पटेल, किसान मोर्चा के पीताम्बर पटेल, दुलेश्वर पटेल, श्री सिदार, प्रिंस पटेल सहित जागरूक किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। 

मुख्य अतिथि श्री खुंटे ने कहा कि सहकारी समितियों के कुछ कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद विष्णु देव साय सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था कर समय पर धान खरीदी शुरू कर किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम उठाया है। यह मोदी की गारंटी और डबल इंजन सरकार की डबल गति का जीता-जागता प्रमाण है।

 ज्ञात हो कि राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी 2500 से अधिक धान खरीदी केंद्रों पर वैकल्पिक स्टाफ की तैनाती कर यह सुनिश्चित किया है कि हड़ताल का कोई असर किसानों पर न पड़े। 


अन्य पोस्ट