सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 12 नवंबर। रबी वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर सरसों फसल की होगी खरीदी। इस वर्ष शासन द्वारा सरसों की खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री- अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम.आशा) के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत रबी फसलों का उपार्जन न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने जा रहा है।
इस योजना के द्वारा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में रबी 2025-26 में सरसों फसल की खरीदी का कार्य किया जावेगा। जिसके तहत् जिले के सात सेवा सहकारी दानसरा, अमझर, नौवरंगपुर, सहसपुर, बरमकेला, गोबरसिंघा, बार समितियों में एनसीसीएफ. (नेशनल कॉपरेटिव कन्जुमर्स फेडरेशन) के द्वारा मार्कफेड के माध्यम से समर्थन मूल्य पर सरसों की खरीदी किया जाएगा। सारंगढ़ जिले में रबी मौसम में 7956 हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की खेती किया जाता है।
उप संचालक कृषि सारंगढ़ आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि पीएम. आशा योजना अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत् 7 समितियों के माध्यम से सरसों फसल की खरीदी किये जाने से सरसों फसल उत्पादक कृषकों की आय में वृद्वि होगी एवं उचित मूल्य प्राप्त होगा। रबी वर्ष 2025-26 के गिरदावली के मान्य रकबा पर सरसों फसल की खरीदी किया जावेगा। योजनान्तर्गत उपज विक्रय करने वाले कृषकों को रबी वर्ष 2025-26 में धान पंजीयन की तरह एकीकृत किसान पोर्टल पर अपना पंजीयन करवाना अनिवार्य होगा। कृषक अधिक से अधिक रकबे में सरसों फसल की खेती कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते है।


