राजनांदगांव
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जनवरी। डोंगरगांव क्षेत्र में सक्रिय एक महिला समूह की अध्यक्ष पर लाखों रूपए का गबन करने की शिकायत पुलिस तक पहुंची है। समूह अध्यक्ष पर लोन निकालकर लाखों रूपए डकारने के मामले में समूह के अन्य सदस्यों ने पुलिस में मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगांव क्षेत्र के करेठी में प्रज्ञा स्व-सहायता समूह ने गणेशिया बाई को बतौर अध्यक्ष चुना था। अध्यक्ष ने समूूह के नाम पर बारी-बारी 3-3 लाख रूपए लोन लिया। समूह के सदस्यों ने कर्ज में लिए रकम को नियमित रूप से अध्यक्ष के पास जमा किया लेकिन बैंक में लोन की राशि जमा नहीं हुई। इसके अलावा अध्यक्ष ने दूसरी बार निकाली लोन की राशि को खुद पर खर्च कर लिया। इस तरह कुल राशि ब्याज समेत लगभग 9 लाख रूपए हो गया। लोन वापसी के लिए समूह की ओर अध्यक्ष पर दबाव बनाया लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। आखिरकार सदस्यों को मामले की शिकायत पुलिस से करनी पड़ी। डोंगरगांव पुलिस शिकायत के बाद मामले की जांच कर रही है।


