राजनांदगांव
फरार पिता का शव फंदे में मिला
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जनवरी। मोहला-मानपुर जिलें के अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के क्वांरदल्ली गांव में शुक्रवार को भरमार बंदूक से बेटे को मौत के घाट उतारने के बाद फरार आरोपी पिता ने बीती रात को आत्मग्लानि में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
आरोपी पिता की पुलिस तलाश कर रही थी। शनिवार देर रात को आरोपी ने घर के बाहर स्थित पेड़ में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। माना जा रहा है कि आरोपी ने बेटे की हत्या का दोषी होने पर खुदकुशी का रास्ता चुना। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार चंरदल्ली गांव में शुक्रवार को संतराम उइके का अपने पत्नी शांति उइके से उस वक्त विवाद हुआ जब आरोपी नशे में चूर होकर पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था।
उस वक्त घर में मौजूद बेटे 22 वर्षीय शेखर उइके ने पिता को मारपीट करने पर रोका। इस बात से खिन्न होकर आरोपी पिता ने अपने भरमार बंदूक से बेटे को गोली मार दी। गोली लगने से बेटा मौके पर ही ढ़ेर हो गया। वहीं बंदूक के छर्रे से पत्नी भी जख्मी हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। इधर रविवार सुबह आरोपी के आत्महत्या करने की जानकारी पुलिस तक पहुंची। माना जा रहा है कि बेटे की हत्या से क्षुब्ध होकर आरोपी ने फांसी लगाने का रास्ता चुना। बताया जाता है कि आरोपी के एक बेटे की कुछ साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वहीं खुद के हाथों दूसरे बेटे को मार डालने की घटना ने आरोपी को आत्मग्लानि के कारण खुदकुशी करने के लिए विवश होना पड़ा।


