राजनांदगांव
राजनांदगांव, 18 दिसंबर। भाजपा शासित नगर निगम द्वारा सुशासन तिहार के तहत वार्डों में लगाए जा रहे समस्या निवारण शिविरों को लेकर नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने इन शिविरों को जनता की समस्याओं के समाधान की बजाय केवल ढकोसला करार देते कहा कि निगम प्रशासन अपने मूल दायित्वों से भटक गया है और राजस्व वसूली जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की अनदेखी कर रहा है।
श्री पिल्ले ने कहा कि निगम द्वारा वार्डों में शिविर लगाकर अनावश्यक खर्च बढ़ाया जा रहा है। जबकि पूर्व में आयोजित शिविरों में जनता की समस्याओं का आज तक समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पिछली बार लगाए गए शिविर ही निष्फल रहे तो एक बार फिर उसी प्रक्रिया को दोहराने का क्या औचित्य है।
भाजपा सरकार के निर्देश पर आयुक्त द्वारा नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं और पिछली बार की तरह इस बार भी निगम कर्मचारियों को शिविरों में लगाया जा रहा है। वार्डवार कार्यक्रम भी तय कर लिया गया है। वर्तमान में निगम के कर्मचारी पहले से ही एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लगे हुए हैं, अब उन्हें शिविरों में तैनात कर दिया गया है जिससे निगम का नियमित कामकाज प्रभावित हो रहा है।


