राजनांदगांव

राजनांदगांव: महापौर के लिए युवाओं में संभावनाएं तलाश रही भाजपा
23-Jan-2025 1:56 PM
राजनांदगांव: महापौर के लिए युवाओं में संभावनाएं तलाश रही भाजपा

 पार्टी के लिए समर्पित दूसरी पंक्ति के युवाओं को मौका दिए जाने की अटकलें 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 जनवरी।
राजनांदगांव महापौर की सीट अनारक्षित होने के बाद से भाजपा कई स्तर की बैठक करने के बाद युवाओं की संभावनाओं पर भी मंथन कर रही है। पार्टी युवाओं में महापौर की कुर्सी के लिए संभावनाएं ढूंढने का काम कर रही है। पार्टी के भीतर नई पीढ़ी को सामने लाने की रणनीति के तहत युवाओं को महापौर की टिकिट देने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। भाजपा में युवाओं की लंबी फौज है। कई ऐसे युवा चेहरे हैं, जिन्हें पार्टी के अलावा आम लोगों के बीच भी पहचाना जाता है। युवाओं को मौका दिए जाने से भाजपा को भविष्य की सियासत में जड़े मजबूत होने की उम्मीद है।

ऐसे में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा का नाम सामने आ रहा है। नीलू ने एक दशक के भीतर अपनी सियासी साख को न सिर्फ मजबूत किया है, बल्कि प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में भी उन्हें पहचान मिली है। नीलू लगातार पार्टी और सरकार के पक्ष में आवाज उठाते रहे हैं। पिछली कांग्रेस सरकार में भी उन्होंने विपक्षी नेता की हैसियत से अपनी एक विशिष्ट  पहचान बनाई। 

हाल ही में भाजपा के जिला महामंत्री बने सौरभ कोठारी भी एक अच्छे चेहरे के रूप में गिने जा रहे हैं। महापौर की दौड़ में वह किसी से पीछे नहीं है। उनके नाम लंबे समय तक राजनांदगांव भाजयुमो जिलाध्यक्ष बने रहने का रिकार्ड भी है। वह जिला कोषाध्यक्ष भी रहे हैं। जिलाध्यक्ष की कुर्सी की दौड़ में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी कोमल राजपूत को कड़ी टक्कर दी थी। प्रदेश नेतृत्व ने सीधे महामंत्री नियुक्त कर सौरभ को एक तरह से आगे बढ़ाने का काम किया।

युवा नेता में आलोक श्रोती की भी गिनती होती है। आलोक लंबे समय से भाजपा के हर कार्यक्रम में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सक्रिय रहे हैं। वह 2014 से 2019 तक भाजयुमो के महामंत्री रहे। इससे पूर्व 2007 से 2014 तक वह शहर अध्यक्ष भी रहे। आलोक  की हर वर्ग में खासी दखल है। 

इधर भावेश बैद का नाम भी चर्चा में है। वह राजनीतिक कार्यक्रमों के अलावा सामाजिक कार्यक्रमों में भी अग्रणी तौर पर शरीक होते रहे हैं। बैद भी महापौर की कुर्सी की दौड़ में आगे हैं। 
जिला भायजुमो अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह भी महापौर के लिए फिट माने जा रहे हैं। मोनू ने भाजयुमो की सियासत को एक अलग पहचान दी है। उनके सांगठनिक क्षमता से संगठन काफी प्रभावित रहा है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु भी महापौर के लिए उपयुक्त दावेदारों में से एक है। नेता प्रतिपक्ष के तौर पर उन्होंने जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस को हर स्तर पर घेरा। वह विपक्षी नेता के हैसियत से अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहे हैं। युवा नेताओं में कमल सोनी भी एक नाम है। वह पार्टी द्वारा मिले दायित्वों का निर्वहन करने में आगे रहे हैं। सोनी भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी हैं।


अन्य पोस्ट