राजनांदगांव

रमन ने किया राष्ट्रीय महिला शतरंज स्पर्धा का शुभारंभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 दिसंबर। स्थानीय अग्रसेन भवन में स्मार्ट गर्ल ऑल इंडिया शतरंज टूर्नामेंट का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस दौरान डॉ. सिंह ने कहा कि शतरंज बुद्धिमत्तापूर्ण रणनीति और कौशल का खेल है। यह हर्ष का विषय है कि राजनांदगांव को राष्ट्रीय महिला शतरंज स्पर्धा के प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन का अवसर मिला। इसके लिए उन्होंने अग्रवाल सभा और जिला शतरंज संघ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शतरंज को लेकर हमारी समझ इतनी ही थी कि राजनांदगांव में शतरंज मतलब विनोद राठी और विनोद राठी मतलब शतरंज। राजनांदगांव की बेटी किरण अग्रवाल ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शतरंज में राजनांदगांव का नाम स्थापित किया। इससे हमारे यहां शतरंज को लेकर वातावरण का निर्माण हुआ।
अध्यक्षता करते ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंघानिया ने कहा कि भारत में शतरंज की लोकप्रियता अभूतपूर्व ऊंचाई पर पहुंच गई है। ओलंपियाड में पुरूष और महिला दोनों श्रेणियां गोल्ड जीतकर भारत वास्तव में एक-एक वैश्विक शतरंज महाशक्ति के रूप में उभरा है। अब हमारे पास सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन गुकेश डी है, जो अपनी प्रतिभा और समर्पण से लाखों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं।
स्वागत उद्बोधन में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष शरद अग्रवाल ने कहा कि शतरंज में वजीर और जीवन में जमीर का होना बहुत महत्वपूर्ण होता है, यह नहीं हो तो खेल खत्म हो जाता है। उन्होंने प्रतिभागियों से इस भावना के साथ लक्ष्य तय करने की अपील की। जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष ललित भंसाली ने कहा कि महिला शतरंज की इस राष्ट्रीय स्पर्धा में देशभर के 11 राज्यों से 122 प्रतिभागी शामिल हुए हैं। यह टूर्नामेंट 18 से 22 दिसंबर तक स्विस लीग पद्धति में अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत खेला जाएगा। कुल नौ राउंड की प्रतिस्पर्धा के बाद फाइनल नतीजे प्राप्त होंगे।
विशिष्ट अतिथि विक्रम अवार्ड प्राप्त अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षक किरण अग्रवाल ने 40 साल पहले के समय को याद करते कहा कि तब हमें इतनी सुविधाएं नहीं मिलती थी। उन्होंने कहा कि रेटिंग टूर्नामेंट से आपके लिए अवसर बढ़ जाएंगे। समाजसेवी सुनील अग्रवाल, सकल जैन श्री संघ के अध्यक्ष मनोज बैद, समाजसेवी विनोद लोहिया एवं अग्रवाल सभा के निवृत्तमान अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, कोमल सिंह राजपूत भी मौजूद थे।