राजनांदगांव

कांग्रेस ने नांदगांव में जारी भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी को लेकर उठाए सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 दिसंबर। राजनांदगांव रेंज में आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी उजागर होने के बाद कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर युवाओं के साथ छल करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने पत्रकारवार्ता में योग्य अभ्यर्थियों को किनारे कर भर्ती में अयोग्य लोगों को शामिल करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का आरोप है कि सत्ता के दबाव में यह गड़बड़ी की गई है। साथ ही कांग्रेस ने डॉ. रमन सिंह के क्षेत्र में हुई इस गड़बड़ी को लेकर चुप्पी साधने को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं।
कांग्रेस नेता छाबड़ा और अन्य कांग्रेसी नेताओं का आरोप है कि पुलिस विभाग द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें अनियमितता बढ़ती जा रही है। नापजोख, खेलकूद के लिए नियुक्त अधिकारी एवं संलग्न कर्मचारी लगातार धांधली कर रहे हैं। पुलिस भर्ती समिति द्वारा रक्षित निरीक्षक उनके सहायक कामता प्रसाद यादव, मनोहर द्वारा आरजेएन फिजिकल एकेडमी में तैयारी कराई गई है। इन एकेडमी के अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाया गया है। जिसकी जांच की जानी चाहिए। कांग्रेस ने अंडर हाईट रहे श्रद्धा साहू, हेमंत वर्मा, आरती यादव, वर्षा एवं अन्य लोगों की भी जांच करने की मांग की है। पूरी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हैदराबाद की टेक्निशियन कंपनी को भी जांच के दायरे में रखने की मांग की गई है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कुछ लोगों को आरजेएन फिजिकल एकेडमी द्वारा अभ्यर्थियों को नेशनल गेम का सर्टिफिकेट बनाकर दिया गया है। जबकि कोई अभ्यर्थी नेशनल गेम में शामिल नहीं हुआ है। जबकि इस प्रकार खेलकूद में छूट दिलाकर अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचाया गया है। पुलिस भर्ती समिति सदस्यों की भूमिका की भी कांग्रेस ने जांच की मांग की है। कांग्रेस ने आरक्षक भर्ती में लगे आरोपों की जांच नहीं किए जाने पर राज्यपाल से शिकायत करने और आंदोलन की धमकी दी है। पत्रकारवार्ता में जिलाध्यक्ष भागवत साहू, सूर्यकांत जैन, अमित चंद्रवंशी, कमलजीत सिंह पिंटू और आसिफ अली उपस्थित थे।