राजनांदगांव
.jpg)
आमजन को पुलिस के साथ संवाद करने में होगी सुविधा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 दिसंबर। खैरागढ़ जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसपी त्रिलोक बंसल के नेतृत्व में बीट प्रणाली को मजबूत बनाया जा रहा है। विजिबल पुलिसिंग एवं त्वरित सूचना समय पर सार्थक कार्रवाई के लिए प्रत्येक बीट में बीट प्रभारी, बीट आरक्षक के मोबाइल नंबर अंकित कराए जा रहे हैं। वहीं नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन की सार्थकता के लिए थाना में महिला बीट बनाए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार खैरागढ़ एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देशन एवं एएसपी नितेश गौतम, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खैरागढ़ लालचंद मोहले के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी अनिल शर्मा के नेतृत्व में समर्थ अभियान के तहत थाना क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग अपराधों पर प्रभावी रोकथाम विजिबल पुलिसिंग त्वरित सूचना सार्थक कार्रवाई के लिए बीट प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना क्षेत्र के प्रत्येक बीट में जहां आमजन की सहज उपस्थिति रहती है, उन स्थानों पर संबंधित बीट प्रभारियों एवं बीट आरक्षकों के नाम एवं मोबाइल नंबर को दीवारों पर अंकित कराए जा रहे हैं। जिससे आमजन को पुलिस के साथ संवाद करने में कोई दिक्कत न हो।
मिली जानकारी के अनुसार खैरागढ़ थाना द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई पहल की है। पुलिस बीट प्रणाली से महिला पुलिस अधिकारियों एवं सिपाहियों को जोड़ते हुए महिला बीट बनाई गई है। महिला बीट में महिला अधिकारी, महिला आरक्षक बीट में जाकर महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को सुलझाएंगी। साथ ही उन्हें अभिव्यक्ति एप्प साइबर जागरूकता घरेलू हिंसा पर कानूनी प्रावधान अन्य शासन एवं पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के प्रति जागरूक भी करेंगी। नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन की सार्थकता के लिए खैरागढ़ पुलिस का सतत प्रयास जारी है। महिला बीट प्रभारी द्वारा अपनी टीम के साथ बीट के गांवों में निरंतर भ्रमणशील रहेगी। ग्रामों में जाकर महिलाओं के घरेलू विवाद, उत्पीडऩ जैसी समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का प्रयास करेंगी। इसके लिए वह सरपंच व गांव के संभ्रांत लोगों का सहयोग भी लेंगी।
अगर समस्या नहीं सुलझ पाती तो थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से हल करना सुनिश्चित करेगी। साथ ही महिला महिलाओं, युवतियों व छात्राओं को अभिव्यक्ति एप्प डायल 112, साइबर हेल्पलाईन नंबर 1930 जैसी पुलिस सेवाओं की जानकारी भी देगी।