राजनांदगांव
आयुक्त ने कहा- नियमित कर्मचारी भी काम पर लौटे, अन्यथा होगी कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 दिसंबर। नगरीय निकाय के कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगो के संबंध में अनिश्चितकालीन हड़ताल विगत दिनों से किया जा रहा है। नगर निगम के कर्मचारियों के हड़ताल में जाने से नगर की मूलभूत अतिआवश्यक सेवा बिजली, पानी, सफाई प्रभावित हो रही है। जिसके लिए नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने हड़ताल से सभी कर्मचारियों को अपने कार्य पर लौटने कहा है। प्लेसमेंट कर्मचारी कार्य पर लौटकर अपने अपने विभाग में कार्य कर रहे है।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने कहा कि कर्मचारियों के अनिश्चित कालीन हड़ताल से निगम सीमाक्षेत्र में नागरिकों को दी जाने वाली सुविधा बिजली, पानी, सफाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपने हक के लिए मांग करने का पूरा अधिकार है, लेकिन अपने मांगों को रख कार्य पर वापस आ जाना चाहिए, क्योंकि निकाय का मूल कार्य नागरिकों को बिजली, पानी, सफाई जैसी अतिआवश्यक सेवा उपलब्ध कराना है, जिसे ध्यान में रखकर उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते शासन से अपनी बात रखनी चाहिए। शासन कर्मचारियों की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार भी कर रही है।
आयुक्त विश्वकर्मा ने कहा कि अतिआवश्यक सेवा को ध्यान में रखकर प्लेसमेंट कर्मचारियों के एजेंसी से बात कर उन्हें नोटिस दिया गया था। नोटिस उपरांत उनके अधीनस्थ प्लेसमेंट कर्मचारी अपने कार्य में उपस्थित हो गए। कुछ नियमित कर्मचारी भी वापस लौटकर अपने कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन कुछ कर्मचारी अभी भी हड़ताल में है।
उन्होंने हड़ताली कर्मचारियों से कहा कि चूंकि नगर निगम का मूल दायित्व नागरिकों को मूलभूत सुविधा बिजली, पानी, सफाई उपलब्ध कराना है, जो अतिआवश्यक सेवा के अंतर्गत आता है और अतिआवश्यक सेवा को बंद नही किया जा सकता। इस आधार पर उन्होने सभी नियमित कर्मचारियों को अपने कार्यो में लौटने कहा है।
उन्होंने कहा कि नहीं लौटने पर संबंधित कर्मचारी पर निगम प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जिसकी सम्पूर्ण जवाबदारी संबंधित कर्मचारी की होगी।


