राजनांदगांव

डेढ़ लाख मतदाता सीधे चुनेंगे महापौर-पार्षद
13-Dec-2024 2:17 PM
डेढ़ लाख मतदाता सीधे चुनेंगे महापौर-पार्षद

शहरी सरकार के चुनाव की तैयारी पूरी, अगले सप्ताह लग सकती है आचार संहिता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव , 13 दिसंबर। नगरीय निकाय चुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारी पूरी हो गई है। अगले सप्ताह  किसी भी दिन निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इस बीच राजनांदगांव नगर निगम की नई सरकार चुनने के लिए मतदाताओं को  फिर 5 साल बाद सीधे  महापौर और पार्षद का चुनाव करने का अधिकार मिल गया है।

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने साल 2020 में हुए निकाय चुनाव में प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने के फैसले को पलट दिया था। विष्णुदेव साय सरकार ने पिछली सरकार के फैसले को खारिज करते मतदाताओं को महापौर और पार्षद चुनाव सीधे रूप से करने का अधिकार दे दिया है।

राजनांदगांव नगर निगम के 51 वार्डों में सियासी हलचल शुरू हो गई है।  महापौर और वार्डों के आरक्षण प्रक्रिया को लेकर दावेदार इंतजार कर रहे हैं। राजनांदगांव नगर निगम का नया मुखिया कौन होगा, इसको लेकर अटकलें लग रही है। शहरी सरकार का चुनाव करने के लिए डेढ़ लाख से ज्यादा मतदाता को मौका मिलेगा।

  मतदाता पुनरीक्षण के बाद सूची जारी कर दी गई है। एक माह तक चली प्रक्रिया में मतदाता सूची में नए मतदाताओं को भी शामिल किया गया है। बताया जा  रहा है कि आरक्षण के फेर में 51 वार्डों में से लगभग 25 वार्ड ओबीसी की खाते में जा सकती है। ऐसे में दूसरे वर्गों के लिए वार्डों में चुनाव लडऩे के लिए उठापटक करना पड़ेगा।  नगरीय निकाय चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या भी बढ़ी है।

महापौर के चुनाव के लिए महिला मतदाताओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहेगी। इस बार के चुनाव में कई वार्डों में भी मतदाताओं की तादाद में वृद्धि हुई है। नगर निगम क्षेत्र में सर्वाधिक मतदाता वार्ड नं. 16 और 45 में है। इसके अलावा कुछ और वार्डों में भी मतदाताओंं की संख्या में इजाफा हुआ है। आगामी दिनों होने वाले चुनाव में नगर निगम में शहरी सत्ता के लिए होने वाली जंग काफी रोचक होगी।

सत्तारूढ़ भाजपा निगम की बागडोर अपने हाथों में लेने के लिए लालायित है। जबकि वर्तमान में निगम में कांग्रेस का कब्जा है। सत्तारूढ़ भाजपा निगम में वापसी को लेकर आश्वस्त है। वहीं कांग्रेस अपने वर्तमान कार्यकाल की बदौलत फिर से कुर्सी पाने की उम्मीद लगाए बैठी है। जल्द ही आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी। राजनंादगांव शहर में कुल 1 लाख 35 हजार 466 मतदाता महापौर और पार्षदों का चुनाव करेंगे।


अन्य पोस्ट