राजनांदगांव

महक नरवासे का सेंट्रल जोन में चयन
25-Feb-2026 4:19 PM
महक नरवासे का सेंट्रल जोन में चयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 फरवरी। बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंतरराज्यीय सीनियर महिला क्रिकेट वनडे चैंपियनशिप में पहली बार छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।
 छत्तीसगढ़ की टीम ने अपने समस्त सातों लीग मैच जीतकर एक शानदार रिकार्ड भी बनाया है। अपने ग्रुप में टॉप में रहने के कारण छत्तीसगढ़ की टीम ने नॉकआउट राउंड में मुंबई जैसी मजबूत टीम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। 26 तारीख को सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा। लीग मैचों में जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव की महक नरवासे, नेहा बड़वाईक एवं कुमुद साहू ने शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को यह सफलता दिलाने में अपना असरकारी योगदान दिया है।
राजनांदगांव की जूनियर महिला खिलाड़ी महक नरवासे के ऑलराउंड प्रदर्शन से बीसीसीआई ने दूसरी बार उन्हें सेंट्रल जोन की टीम के लिए चुना है। अगले महीने देश की पांचो जोन की टीमें वनडे क्रिकेट प्रतियोगिता की इस महत्वपूर्ण ट्रॉफी हेतु आपस में भिड़ेंगी। जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव के लिए यह अत्यंत ही गौरव का विषय है कि लगातार दूसरे साल महक नरवासे सेंट्रल जोन की टीम हेतु चुनी गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की कप्तान कीर्ति गुप्ता भी महक नरवासे के साथ सेंट्रल जोन हेतु चुनी गई है । विगत दिनों भारतीय क्रिकेट टीम की पूर्व प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी झूलन गोस्वामी ने महक नरवासे से मिलकर उनके उम्दा खेल हेतु बधाई दी है एवं उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की है । उक्त जानकारी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने दी है।


अन्य पोस्ट