राजनांदगांव
राजनांदगांव, 26 फरवरी। कलेक्टोरेट ऑफिस में कम्प्यूटर आपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लोगों से लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। प्रकरण में धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार 24 फरवरी को प्रार्थी धीरज साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि आरोपी देवेन्द्र कुमार गोरले एवं जयप्रकाश यादव द्वारा कलेक्टोरेट आफिस खैरागढ़ में कम्प्यूटर आपरेटर की नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग लोगों से 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 97/2026 धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते एसपी अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश पर एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष जायसवाल द्वारा तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान आरोपी देवेन्द्र कुमार गोरले को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।


