राजनांदगांव
डोंगरगढ़ के अछोली में हुई वारदात की गुत्थी सुलझी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 फरवरी। डोंगरगढ़ के अछोली में एक अज्ञात महिला की हत्या में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने पति और उसके दो दोस्तों को पकड़ लिया है। पति महिला के चरित्र पर शंका करता था। यही हत्या की वजह बनी। पुलिस ने दो दिन के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों में एक पूर्व सैनिक भी शामिल है।
मिली जानकारी के अनुसार अछोली के आम बगीचा में बीते रविवार की सुबह एक महिला के शव मिलने की जानकारी के बाद पुलिस ने शिनाख्ती के लिए आससास के गांवों और पंचायतों के वाट्सअप ग्रुप में तस्वीर को वायरल किया। इसके बाद कुछ लोगों ने महिला की पूर्णिमा नेताम (35 वर्ष)के रूप में पहचान हुई। पुलिस जांच में पता चला कि मृतिका राजनांदगांव के मोतीपुर वार्ड की रहने वाली है। पुलिस ने महिला के शव को देखते ही परिस्थिति के आधार पर हत्या की आशंका जताई थी।
इस बीच जांच के दौरान पुलिस ने महिला के पति सुनील वंजारी (45 साल) से जब संपर्क साधा तो उसका मोबाईल बंद मिला।
यहीं से पुलिस को पति पर शक हुआ। पति की खोजबीन के लिए पुलिस की आधा दर्जन टीम ने कई जगह छापेमारी की। इसके बाद पति पकड़ा गया। पुलिस को दिए बयान में पति ने माना कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी से चिढ़ में आकर उसने अपने दो दोस्त ज्योतिष सिंह और पूर्व सैनिक नीलकंठ साहू के साथ मिलकर आम बगीचा में घुमाने के दौरान पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि महिला के सिर में वार कर हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने दल्ली राजहरा के रहने वाले अपने साथी पूर्व सैनिक नीलकंठ टेकाम को खून से सने महिला के कपड़े दिए। इस तरह आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की। पति सुनील वंजारी समेत तीनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया।


